गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तिल्दा नेवरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 किलो 770 ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 3.46 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना तिल्दा नेवरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे दो युवक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी -22-ए एफ 6686 में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद लाल-पीले रंग के थैले से तीन पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 5 किलो 770 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक कार्बन कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमालय वर्मा उर्फ प्रिंस (30 वर्ष), निवासी इंदिरा कॉलोनी, बलौदाबाजार तथा शिव वर्मा (20 वर्ष), निवासी दशरभा रोड, बलौदाबाजार के रूप में हुई है।द्भ
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला तथा एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक विकास देशमुख, आरक्षक महेन्द्र वर्मा, संदीप सिंह एवं किशोर शर्मा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x