गांजा के साथ बिलासपुर का युवक गिरफ्तार

बस्तर। ओडिशा से छत्तीसगढ़ में खपाने लाई जा रही लाखों रुपये की गांजा खेप पर नगरनार पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। बस का इंतजार कर रहे एक युवक को घेराबंदी कर दबोचा गया। उसके कब्जे से तीन पैकेटों में भरा 18.085 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 9.04 लाख रुपये है, बरामद कर लिया गया। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 7 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका, एनएच-63 के पास एक युवक दो बैग में गांजा लेकर जगदलपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पांडे (28 वर्ष), पिता राजेश्वर पांडे, निवासी मंगला चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके दोनों बैग से तीन पैकेटों में रखा 18.085 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी यह खेप ओडिशा से बिलासपुर ले जा रहा था। जब्त गांजे की कीमत 9,04,250 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2026 में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जदुराम बघेल, सतीश तिवारी, आरक्षक राधाकृष्ण राय, दशरू नाग, नेल्सन टोप्पो तथा सैनिक जगन्नाथ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, बस्तर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी तस्कर को कानून के शिकंजे से बचने का मौका नहीं मिलेगा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x