रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामोद्योग विभाग के सहयोग से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक रायपुर में द लोकल मेकर्स मार्केट2026 का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में ग्रामोद्योग विभाग विशेष बस्तर पवेलियन स्थापित करेगा, जहां बस्तर की विश्वविख्यात हस्तशिल्प कला और जनजातीय विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा।
पवेलियन में ढोकरा शिल्प, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, जनजातीय कलाकृतियां तथा हाथकरघा बुनकरों की उत्कृष्ट कृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से 80 से अधिक हस्तशिल्प उद्यमी और कलाकार भाग लेंगे, जबकि ग्रामोद्योग विभाग की ओर से 20 स्टॉल लगाए जाएंगे।
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा ने कहा कि बस्तर की हस्तशिल्प परंपरा राज्य की सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। राज्य सरकार स्थानीय कारीगरों को उनकी कला के अनुरूप पहचान, सम्मान और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर पवेलियन के माध्यम से प्रदेश के शिल्पकारों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें नए खरीदारों, डिज़ाइन विशेषज्ञों और संभावित बाजारों से जुडऩे का भी मौका मिलेगा।
आयोजन के दौरान आगंतुकों को हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी के अलावा लाइव शिल्प प्रदर्शन, कार्यशालाएं, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देखने का अवसर मिलेगा।
ग्रामोद्योग विभाग ने प्रदेशवासियों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और हस्तशिल्प में रुचि रखने वाले नागरिकों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्थानीय शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
कार्यक्रम विवरण
तिथि: 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026
समय: दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक
स्थान: द वाहे, अंबुजा मॉल के सामने, विधानसभा रोड, रायपुर
’द लोकल मेकर्स मार्केट में सजेगा ‘बस्तर पवेलियन, विश्वविख्यात हस्तशिल्प कला को मिलेगा राष्ट्रीय मंच






