दिनदहाड़े इंजीनियर से लूटपाट: लैपटॉप और सर्वे उपकरण लेकर फरार हुए आरोपी, CCTV में कैद हुई वारदात

मकान निर्माण को लेकर विवाद के दौरान घटना, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
अंबिकापुर।
सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में दिनदहाड़े लूटपाट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतापपुर नाका स्थित कुशवाहा चौक के पास कुछ आरोपियों ने एक इंजीनियर और उसके सहयोगी के साथ विवाद करते हुए लैपटॉप और सर्वे उपकरण छीन लिए। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डेयरी फार्म रोड निवासी अमर कुशवाहा (29 वर्ष) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके मामा रामनाथ कुशवाहा के नाम पर केदारपुर स्थित कुशवाहा चौक के पास एक प्लॉट है, जहां मकान निर्माण की तैयारी चल रही थी।
लेआउट कार्य के दौरान हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, 14 जून 2026 को अमर कुशवाहा इंजीनियर लक्ष्मी नारायण के साथ प्लॉट का लेआउट कराने पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:10 बजे लेआउट का कार्य पूरा कर दोनों बाहर निकल रहे थे, तभी सूर्या कुशवाहा, भगवान कुशवाहा और लोकेश्वर कुशवाहा वहां पहुंच गए।
आरोप है कि तीनों ने मकान निर्माण का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। विवाद के दौरान सूर्या कुशवाहा ने कार में रखा लैपटॉप छीन लिया, जबकि लोकेश्वर कुशवाहा इंजीनियर की लेवल मशीन और अन्य सर्वे उपकरण लेकर फरार हो गया।
CCTV में कैद हुई घटना
घटना के दौरान मौजूद लोगों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x