धमतरी पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को दिलाया सुरक्षित उपचार

धमतरी। जिले की अर्जुनी थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक अज्ञात मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को संरक्षण प्रदान कर उसे उपचार के लिए बिलासपुर स्थित मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को ग्राम कलारतराई में एक महिला संदिग्ध अवस्था में भटकती हुई मिली। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुनीता (उम्र लगभग 42-45 वर्ष) बताया, लेकिन अपने परिवार या निवास के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण तत्काल उसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से सखी सेंटर, धमतरी भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी ने निर्देश दिए कि ऐसे असहाय और मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके तहत महिला का जिला अस्पताल धमतरी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे बिलासपुर रेफर किया।
इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, धमतरी से अनुमति प्राप्त की गई। थाना अर्जुनी पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर महिला को सुरक्षित रूप से मानसिक उपचार केंद्र सेन्द्री, बिलासपुर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
धमतरी पुलिस की इस पहल को समाज में कमजोर और असहाय वर्गों के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x