धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक में शनिवार रात एक तेंदुए के घर में घुसकर दो ग्रामीणों पर हमला करने से दहशत फैल गई। हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुए को मार डाला। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना नगरी ब्लॉक के बिरगुड़ी रेंज अंतर्गत ग्राम कर्राघाटी की है। रात के समय एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया और वहां सो रहे धरम नेताम तथा गांधी नेताम पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए और दोनों घायलों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भागकर दूसरे घर में घुस गया। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से अब उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर मार डाला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कराया। विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि नगरी क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही अक्सर होती रहती है। पिछले कुछ समय में भी जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
धमतरी में घर में घुसा तेंदुआ, 2 ग्रामीणों पर किया हमला; आक्रोशित ग्रामीणों ने मार डाला






