पुराने विवाद में युवक की हत्या: जबलपुर से आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में पुराने विवाद के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ते हुए फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के जबलपुर से हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे आर्य नगर, कोहका स्थित पानी टंकी के पास पुराने विवाद को लेकर आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई (23 वर्ष) ने मुत्जरर कुमार सोनवानी (27 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, कोहका (मूल निवासी बागबहरा, जिला महासमुंद) पर गाड़ी का चक्का खोलने वाले पाना (व्हील स्पैनर) से सिर पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल मुत्जरर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद सुपेला थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1056/2026 के तहत धारा 296, 351(3) एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी।
इसी दौरान 29 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे उपचार के दौरान मुत्जरर कुमार सोनवानी की मौत हो गई। घायल की मृत्यु के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103 (हत्या) बीएनएस जोड़ दी।
फरार आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई को पुलिस ने जबलपुर (मध्यप्रदेश) से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x