राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के 9 मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.55 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरू सारथी (31 वर्ष) निवासी सारथी पारा, पंडरिया, जिला कबीरधाम तथा संदीप सत्यवंशी (23 वर्ष) निवासी दुल्लापुर रानीसागर, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 जनवरी से 7 जून 2026 के बीच राजनांदगांव शहर के जय स्तंभ चौक, गोल बाजार, भदौरिया चौक, रामनगर, अंबेडकर चौक और बजरंगपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना कोतवाली में आठ और थाना बसंतपुर में एक मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के निर्देशन में थाना प्रभारी उपेन्द्र शाह और साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर कबीरधाम जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने राजनांदगांव और बसंतपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों को आरोपी रास्ते में पेट्रोल खत्म होने या खराबी आने के कारण छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें पहले ही लावारिस हालत में बरामद कर न्यायालय के आदेश पर वाहन मालिकों को सुपुर्द किया जा चुका है। इसके अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन वाहन चोर हैं। उनके खिलाफ जिला कबीरधाम के कवर्धा थाना में चोरी और नकबजनी के 6 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेन्द्र शाह, साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार, सहायक उपनिरीक्षक संजीव मालेकर, नंदनी ठाकुर सहित थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने सुलझाए बाइक चोरी के 9 मामले, 2 चोर गिरफ्तार; 7 मोटरसाइकिल बरामद






