बागेश्वर बाबा की कथा में बवाल: पास होने के बावजूद जनप्रतिनिधियों को रोका

कोरबा। नगर में आयोजित पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब पासधारक स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आयोजन स्थल में प्रवेश से रोक दिया गया। पास होने के बावजूद पुलिस द्वारा रोकने पर जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी गई और मौके पर काफी देर तक बहस होती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कथित रूप से पास फाडऩे तक की बात कही गई। इस पर जनप्रतिनिधि भड़क उठे और उन्होंने विरोध जताते हुए अपने पास आगे बढ़ा दिए। कुछ देर तक मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि आयोजन स्थल पर शुरू से ही व्यवस्थाओं को लेकर असमंजस बना हुआ है। आरोप है कि स्थानीय आयोजन समिति के बजाय बाहरी लोगों का दखल अधिक होने से बार-बार अव्यवस्था की स्थिति बन रही है, जिससे धक्का-मुक्की और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं।
नगर निगम के माध्यम से पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को पास जारी किए गए थे। पार्षद रामकुमार साहू, टोमेश यादव, सरोज शांडिल्य और प्रीति शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि अपने परिवार के साथ कथा स्थल पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब आयोजन समिति द्वारा वैध पास जारी किए गए थे, तो उन्हें मौके पर मान्यता क्यों नहीं मिली। क्या पुलिस को अलग से निर्देश दिए गए थे या पास की वैधता पर ही कोई संशय था-इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x