बिलासपुर। मल्हार चौकी पुलिस ने शादी समारोह में शराब के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक का कान दांत से काटकर अलग करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, धनगवां मल्हार निवासी मनिकेश पाटले (26) ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून 2026 को वह भारत पाटले के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान किसान परसदा निवासी मोहित कुर्रे (43) ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए मनिकेश के कान को दांत से काटकर अलग कर दिया।घटना के बाद घायल युवक ने परिजनों को जानकारी दी और अगले दिन सुबह चौकी मल्हार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और ग्राम धनगवां से मोहित कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई को मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में अंजाम दिया।
शादी समारोह में शराब के पैसे को लेकर विवाद, युवक का कान दांत से काटा; मल्हार पुलिस ने आरोपी को घंटों में दबोचा






