जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। जांजगीर-चांपा पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही है और आम नागरिकों से भी उसकी जानकारी साझा करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीयूष जायसवाल, पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर बड़ी रकम निवेश करवाई और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गया।
इस मामले में थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत धारा 420, 406, 34 आईपीसी तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया था, लेकिन उसके बाद से वह लगातार न्यायालय से अनुपस्थित है।
आरोपी के खिलाफ थाना चांपा प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी है। इसके अलावा बिलासपुर की अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (धारा 138) के तहत और कोरबा की अदालत में प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।
लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय के माध्यम से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इसके तहत देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर आरोपी की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर (94791-93199) या थाना चांपा प्रभारी (79874-60292) को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी






