अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने जिले में वित्तीय संस्थानों और आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया तथा परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से कड़ी पूछताछ की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (आईपीएस) के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों, एटीएम, ज्वेलर्स दुकानों तथा अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और प्रतिष्ठानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्हें उच्च गुणवत्ता (हाई-फ्रीक्वेंसी) के सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने, सुरक्षा पंजी में दर्ज सुझावों का पालन करने तथा परिसर के बाहर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस ने वित्तीय संस्थानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने की भी सलाह दी, ताकि संस्थान बंद होने के बाद किसी भी अनाधिकृत प्रवेश की सूचना तत्काल मिल सके और समय रहते आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके।
अभियान के दौरान बैंक और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। साथ ही संचालकों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी को दें।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को भी बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरगुजा पुलिस का कहना है कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा मजबूत हो और चोरी, लूट जैसी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
सरगुजा पुलिस का बैंक, ATM और ज्वेलर्स पर औचक निरीक्षण, संदिग्धों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था परखी






