सेल्समैन बनकर व्यापारियों को लगाया चूना, नकली बिल बुक से ठगी करने वाला गिरफ्तार

नारायणपुर। “सस्ते कोल्ड ड्रिंक्स और फ्रीजर के नाम पर व्यापारियों से हजारों रुपये ऐंठकर फरार हुआ शातिर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया, नारायणपुर पुलिस की तकनीकी जांच ने फर्जी कंपनी के नकाब के पीछे छिपे ठग को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।” नारायणपुर जिले के थाना झाराघाटी क्षेत्र में सामने आए धोखाधड़ी के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी बादल सिंह पिता शमशेर सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी रबर फैक्ट्री रोड, राजीव गांधी वार्ड जिला जबलपुर (म.प्र.) को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को “गुरुनानक कोल्ड ड्रिंक्स रायपुर” कंपनी का सेल्स प्रतिनिधि बताकर गांव-गांव घूमता था और किराना व्यापारियों को कम दाम में कोल्ड ड्रिंक्स, फ्रीजर व अन्य सामग्री देने का झांसा देता था। फर्जी बिल बुक और नकली दस्तावेज दिखाकर वह व्यापारियों का भरोसा जीतता और नगद व ऑनलाइन रकम वसूलकर गायब हो जाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम महिमावाड़ी निवासी व्यापारी शंकरदास बघेल ने थाना झाराघाटी में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने ऑफर और स्कीम का लालच देकर उससे कुल 33 हजार 560 रुपये नगद और फोन-पे के जरिए ले लिए, लेकिन न सामान दिया और न ही पैसे लौटाए। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी रकम अपने मोबाइल नंबर से जुड़े फोन-पे खाते में ट्रांसफर करवाता था। लगातार लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी बिल बुक तैयार कर कई व्यापारियों से रकम ठगने की बात कबूल की। थाना झाराघाटी में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब अन्य पीड़ित व्यापारियों की जानकारी भी जुटा रही है। बहरहाल, यह मामला उन व्यापारियों के लिए बड़ी चेतावनी है जो बिना सत्यापन लालच में आकर ऑनलाइन भुगतान कर देते हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x