रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, तीन मजदूर प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पैनल या उसे उठाने में इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आते ही प्रमोद और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह हाईटेंशन लाइन से करंट लगना सामने आया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तकनीकी जांच के साथ सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर ऊंचाई पर और हाईटेंशन लाइनों के आसपास काम के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को उजागर करता है।
सोलर पैनल लगाते समय दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत






