होली के दिन रंग लगाने को लेकर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या… 7 आरोपी और 1 नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर। होली के दिन आरंग क्षेत्र में रंग लगाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। मामले में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और चूड़ा भी जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोनू ठाकुर ने थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 को वह अपने मोहल्ले में दुर्गा चौक के पास होली खेल रहा था। इसी दौरान नीरज लोधी अपनी मोटरसाइकिल (CG-04-HR-6547) से वहां आया और चाय पीने चलने के लिए कहा। नीरज के साथ निलेश लोधी भी बाइक पर सवार था।
तीनों युवक जब केंवसी साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास करीब 11:30 बजे पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद ध्रुव निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू, योगेंद्र उर्फ बीरू और अन्य युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने रंग-गुलाल लगाने के लिए जबरन रोकते हुए बाइक की चाबी निकाल ली।

नीरज लोधी द्वारा रंग लगाने से मना करने पर आरोपियों ने तीनों को बाइक से गिरा दिया। इसके बाद मोनू ठाकुर और निलेश लोधी वहां से भागने लगे, लेकिन ध्रुव निषाद ने मोनू को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे महेन्द्र वर्मा ने किसी तरह मोनू को छुड़ाया।

इसी दौरान मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू और उसके साथियों ने अपने पास रखे चाकू से नीरज लोधी के सीने, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल नीरज लोधी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद थाना आरंग में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 126(2), 103(1), 189, 190 और 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी आरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना में शामिल आरोपियों की तलाश कर मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू (21), योगेंद्र निषाद उर्फ बीरू उर्फ बाऊ (24), गौतम कुमार साहू (23), भोजराम निषाद उर्फ भोजू (24), राहुल साहू (23), नेमीचंद साहू (19) और धनेश निषाद (30) को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा घटना में शामिल एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और चूड़ा बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x