रायपुर। राजधानी में हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है, लेकिन इस दौरान कुछ लोग अपनी पहुंच का रौब दिखाते हुए ट्रैफिक पुलिस से विवाद करने लगते हैं। ऐसा ही एक मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सामने आया है। ड्रंक ड्राइविंग करने वाले कार चालक से जब चाबी मांगी गई तो उसका गुस्स फूट पड़ा। युवक ने ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी को ही अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 28 मार्च की रात की है, जब ट्रैफिक पुलिस तेलीबांधा क्षेत्र में नशेड़ी वाहन चलाकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर चालक की जांच की गई, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। जब कार चालक से चाबी मांगी गई, तो ट्रैफिक पुलिस पर ही भड़क गया और विवाद करने लगा।
वह निरीक्षक वैभव मिश्रा को धमकी देते हुए कहने लगा कि मैं बवाल करूंगा, आप पुलिस में हो न, अब आप देखों, जब मैं बोल रहा हूं, मैं प्रदेश पदाधिकारी हूं, इसके बाद भी आप नहीं समझ रहे हो, अब पूरा अंजाम यहीं इसी जगह आप लोगों को भुगताउंगा। ड्रिंक एंड ड्राईव मामले में गाड़ी रोकने पर भड़के युवक ने ट्रैफिक निरीक्षक को धमकी दे दी। दूसरे पुलिसकर्मी की कार्रवाई में सहयोग की समझाइश पर कहने लगा कि छोटा मोटा चालान के लिए तैयार हूं, थोड़ा बहुत पिया हूं। दूसरे को बुलाकर गाड़ी लेकर जाउंगा। वीडियो बनाने पर भी युवक का पारा चढ़ गया, कहने लगा ओये वीडियो बंद कर, मैं भी वीडियो बनाऊंगा।
बताया जा रहा है कि ट्रैफिक पुलिस को धमकी देने वाला युवक का नाम राजू मित्रा है जो हिंदू जागरण मंच दुर्ग का जिलाध्यक्ष है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई नेताओं के साथ तस्वीरें भी मौजूद हैं। ट्रैफिक पुलिस ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने राजू मित्रा के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
नशेड़ी नेता की दबंगई, पुलिस को दी देख-लेने की धमकी






