जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज के प्लांट में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एंगल कटिंग के दौरान करीब 8 फीट की ऊंचाई से गिरकर ठेका श्रमिक गोरेलाल कंवर की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच की है। मृतक कुम्हारी खुर्द निवासी गोरेलाल कंवर, उम्र करीब 42 साल, ठेकेदार श्याम लाल साहू के अधीन काम कर रहे थे। प्लांट में एंगल की कटाई करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्लांट प्रबंधन ने तत्काल घायल श्रमिक को जांजगीर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन अब ये जांच कर रहे हैं कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
प्रकाश इंडस्ट्रीज में पहले भी हो चुके हैं घातक हादसे
ये इस प्लांट में पहला हादसा नहीं है। गौरतलब है कि इसी प्रकाश इंडस्ट्रीज प्लांट में पिछले वर्ष हुए भट्ठी विस्फोट में जीएम स्तर के अधिकारी समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी।
उस ब्लास्ट मामले में प्लांट प्रबंधक उदय सिंह और कारखाना अभिभोगी संजय जैन के खिलाफ लापरवाही की FIR दर्ज की गई थी।
आज के हादसे के बाद एक बार फिर प्लांट की कार्यस्थल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और ठेकेदार से भी पूछताछ की जा रही है।






