राम मंदिर ट्रस्ट ने चंपत राय का इस्तीफा स्वीकारा, अब वीएचपी के बजरंग बागड़ा होंगे महासचिव

अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त चंदे में कथित अनियमितता और चोरी के मामले के सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया। ट्रस्ट ने महासचिव चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उनके स्थान पर राजस्थान के सीकर निवासी बजरंग लाल बागड़ा को ट्रस्ट का नया महासचिव नियुक्त किया गया है।
बताया गया है कि चंदा चोरी के मामले के सामने आने के बाद चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को आयोजित ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफों को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा उपस्थित नहीं रहे।
नवनियुक्त महासचिव बजरंग लाल बागड़ा राजस्थान के सीकर के निवासी हैं और पेशे से सनदी लेखाकार हैं। वर्तमान में वे विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हैं। इससे पहले वे भारत सरकार के खान मंत्रालय के अधीन नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम राष्ट्रीय एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। बाद में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर विश्व हिंदू परिषद की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। फरवरी 2024 में अयोध्या में आयोजित परिषद की बैठक में उन्हें अंतरराष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया था।
बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार करने का प्रस्ताव स्वामी गोविंद गिरी महाराज ने रखा, जिसे ट्रस्ट के सदस्यों ने बहुमत से मंजूरी दे दी।
बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद भी वीडियो माध्यम से शामिल हुए। वे ट्रस्ट के पदेन सदस्य हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विशेष जांच दल की रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। विशेष जांच दल अपनी रिपोर्ट पहले ही संजय प्रसाद को सौंप चुका है।
ट्रस्ट की बैठक में मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करने का प्रस्ताव भी रखा गया। हालांकि इस विषय पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
महासचिव पद के लिए बजरंग लाल बागड़ा के अलावा बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया तथा सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी कृष्णमोहन के नाम भी चर्चा में थे। नीरज दौनेरिया लंबे समय से राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं, जबकि कृष्णमोहन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संघ संचालक हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x