हिमाचल में अचानक बदला मौसम, मनाली-लाहौल घाटी में बर्फबारी शुरु, लौटी ठंड

40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने का येलो अलर्ट
मनाली।
हिमाचल प्रदेश के मनाली और लाहौल घाटी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जिससे अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल समेत लाहौल के कई ऊपरी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। शनिवार देर रात से मनाली के ऊपरी क्षेत्रों और लाहौल घाटी में बारिश हो रही थी, जो सुबह होते-होते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी में तब्दील हो गई। लाहौल के कोकसर, जिस्पा, दारचा, शिंकुला और बारालाचा -ला सहित रोहतांग टॉप के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई, जिसके चलते घाटी पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर से ढकी नजर आई और नज़ारा मनमोहक नजर आने लगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक काफी दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद आए इस अचानक बदलाव ने घाटी में एक बार फिर ठंड लौट आई है जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, वहीं मनाली समेत कुल्लू जिले के निचले इलाकों में लगातार बारिश जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज आई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 29 मार्च से 3 अप्रैल तक मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान 29 से 31 मार्च और 2-3 अप्रैल को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 1 अप्रैल को ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 29-30 मार्च और 2-3 अप्रैल को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के मद्देनज़र सख्त कदम उठाए हैं। दोपहिया वाहनों को सोलंग बैरियर से आगे जाने की अनुमति फिलहाल नहीं दी जा रही है। केवल 4 वाई 4 वाहनों को ही अत्यंत जरुरी स्थिति में आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।
प्रशासन ने सभी पर्यटकों और आम जनता से अपील की है कि बिना आवश्यकता ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर यात्रा न करें। यदि यात्रा करना जरूरी हो, तो पूरी सावधानी बरतें और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x