जुए का वीडियो बनाने पर रातभर बंधक बनाकर पीटा युवक को

= मोबाइल किया रिसेट, डिलीट किए सारे वीडियो =
= माकड़ी के सोहंगा में बेखौफ चल रहा जुआ =
= पुलिस पर संरक्षण का आरोप, आईजी ने दिए जांच के आदेश =
जगदलपुर।
बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक अंतर्गत अनंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोहंगा में खड़खुड़ी जुए का काला कारोबार बेखौफ चल रहा है। जुआ खिलाने वाले लोग विरोध करने वालों को हिंसा का शिकार बना रहे हैं। बेखौफ चल रहे खड़खड़ी जुए वीडियो बनाने पर एक युवक को जुआ खिलाने वालों ने रातभर बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की। पीड़ित युवक महेंद्र पांडे ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को आवेदन देकर जुआ खिलाने वालों और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित के मुताबिक 30 अप्रैल को वह क्षेत्र में चल रहे जुए का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान जुआ संचालकों और उनके साथियों ने उसे पकड़ लिया। युवक के साथ गाली-गलौज कर बेरहमी से मारपीट की गई। महेंद्र पांडे को रातभर बंधक बनाकर रखा गया और उसकी लगातार पिटाई की जाती रही। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फोन छीनकर रिसेट कर दिया और जुए से संबंधित वीडियो, फोटो तथा जरूरी डेटा डिलीट कर दिए। सुबह उसे धमकाकर छोड़ा गया। मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब पीड़ित और स्थानीय ग्रामीणों ने माकड़ी और अनंतपुर थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को इस अवैध जुए की पूरी जानकारी है, बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्या इस काले कारोबार को संरक्षण मिल रहा है?
ग्रामीणों के अनुसार खड़खड़ी जुआ क्षेत्र में लंबे समय से चल रहा है। इससे युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट में फंस चुके हैं। कर्ज में डूबे युवाआत्महत्या तक कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी खामोश हैं। पीड़ित और ग्रामीणों ने खड़खड़ी जुए पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने, मारपीट और लूट के आरोपियों पर सख्त आपराधिक कार्रवाई करने छीने गए मोबाइल की बरामदगी कर फॉरेंसिक जांच कराने और डिलीट किए गए डेटा रिकवर करने की मांग की है। थाना पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो और पीड़ित को सुरक्षा मुहैया कराई जाने की भी मांग ग्रामीणों ने उठाई है।
वर्सन
दिए हैं जांच के आदेश
पीड़ित युवक का आवेदन प्राप्त हुआ है। कोंडागांव एसपी को जांच कर रिपोर्ट देने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जुआ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-सुंदरराज पी.,
आईजी, बस्तर रेंज

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x