सरपंच संघ बम्हनीडीह ने एसपी से की शिकायत, अवैध वसूली और RTI दुरुपयोग का आरोप

जांजगीर-चांपा। जनपद पंचायत बम्हनीडीह के सरपंच संघ ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर कुछ लोगों पर ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों से अवैध वसूली करने तथा सूचना का अधिकार (RTI) कानून के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

सरपंच संघ बम्हनीडीह के अध्यक्ष दुष्यंत सिंह चंदेल (सरपंच, ग्राम पंचायत हथनेवरा) के नेतृत्व में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पिछले एक वर्ष से कुछ व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि ये लोग समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित करने के नाम पर हर छह माह में बड़ी धनराशि की मांग करते हैं।

शिकायत में कहा गया है कि यदि धनराशि नहीं दी जाती तो संबंधित व्यक्तियों द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत बार-बार आवेदन देकर पंचायतों की शिकायत करने, आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने और जेल भिजवाने की धमकी दी जाती है।

सरपंच संघ के अनुसार, संबंधित लोगों द्वारा पंचायतों को एक समान प्रकृति के 15 से 20 आरटीआई आवेदन भेजे जाते हैं, जिनमें 5 से 10 वर्षों के विस्तृत अभिलेखों की मांग की जाती है। इससे पंचायतों के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं और पंचायत पदाधिकारियों पर अनावश्यक मानसिक दबाव बन रहा है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सूचना का अधिकार अधिनियम पारदर्शिता और जनहित के लिए बनाया गया है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर पंचायत प्रतिनिधियों से भय पैदा कर अवैध वसूली करने का प्रयास किया जा रहा है, जो कानून के विरुद्ध है।

सरपंच संघ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपित व्यक्तियों की जांच कर अवैध वसूली और धमकी के मामलों में उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पंचायत प्रतिनिधि बिना दबाव के शासकीय कार्य कर सकें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x