ग्राम हरदी में मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू,जंगल सफारी नवा रायपुर में छोड़ा गया सुरक्षित

समाचार

ग्राम हरदी में मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू,जंगल सफारी नवा रायपुर में छोड़ा गया सुरक्षित

बलौदाबाजार,17 फ़रवरी 2026/ सोमवार को ग्राम हरदी स्थित आबादी क्षेत्र के निस्तार तालाब में फंसे एक मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा मगरमच्छ को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक प्राथमिक देखरेख की गई। विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उसके सुरक्षित रहवास, स्वास्थ्य परीक्षण एवं उचित प्रबंधन हेतु उसे जंगल सफारी, नवा रायपुर (छत्तीसगढ़) में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया है, जहाँ उसे अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तालाब में ग्रामीण सामूहिक रूप से मछली पकड़ रहे थे, उसी दौरान एक मगरमच्छ जाल में उलझ गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुँचा और पूरी सावधानी, संयम एवं विशेषज्ञता के साथ मगरमच्छ को जाल से सुरक्षित बाहर निकाला। समयबद्ध कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित किया गया और मानव-वन्यजीव टकराव की संभावित स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला गया।

वनमण्डलाधिकारी ने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। मगरमच्छ को उसके सुरक्षित और उपयुक्त रहवास के लिए जंगल सफारी, नवा रायपुर में छोड़ा गया है, ताकि उसे किसी प्रकार की क्षति न हो और भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति से भी बचाव हो सके। उन्होंने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार ग्रामीणों ने समय पर सूचना देकर सहयोग किया, ठीक उसी प्रकार अक्टूबर 2025 में हुए हाथी के सफल रेस्क्यू के दौरान भी स्थानीय समुदाय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आगे भी आप सभी से वन्यजीव संरक्षण एवं उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के लिए इसी प्रकार सजगता एवं सहयोग की अपेक्षा की जाती है।

रेस्क्यू कार्य में परिक्षेत्र सहायक गितेश बंजारे, परिसर रक्षी नेहरू निषाद,सुरक्षा श्रमिक भागी यादव, पीलू निषाद, राकेश ध्रुव तथा वन प्रबंधन समिति हरदी के सदस्य सुखदेव, टिकनेश ध्रुव, मयाराम सेन, विशाल, वीरेंद्र यादव सहित हरदी ग्राम के अन्य ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x