रायगढ़ नगर निगम के कचरा डंपिंग यार्ड में अचानक आग लगने से मची अफरा-तफरी

रायगढ़। बुधवार की देर शाम ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित नगर निगम के कचरा डंपिंग यार्ड में अचानक आग लगने से आस पास क्षेत्र में हडक़ंप मच गई। उक्त यार्ड से कुछ ही दूरी पर आवासीय कॉलोनी तथा विभिन्न ट्रांसपोर्टरों के गोदाम हैं। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया अन्यथा किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था। बताया जा रहा है कि शहर कचरे के अलावा मणिकंचन केन्द्र से निकलने वाले प्लास्टिक कचरा भारी मात्रा में था जो जल कर खाक हो गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है परंतु माना जा रहा है कि किसी के द्वारा बीड़ी अथवा सिगरेट पी कर फेंके जाने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। जूटमिल थानांतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे की ओर नगर निगम के मणीकंचन केन्द्र से लगा हुआ कचरा डंपिंग यार्ड है।
इस यार्ड में शहरी कचरा के अलावा मणिकंचन केन्द्र से निकलने वाला प्लास्टिक कचरा भी जमा किया जाता है जिसे कबाड़ में बेचा जाता है। उक्त यार्ड में बुधवार की शाम को आग लग गई। मामूली सी ङ्क्षचगारी देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर ली थी। चूंकि यार्ड में प्लास्टिक कचरा था लिहाजा आग तेजी से फैलने लगी और आसमान पर काले धुएं का बादल छा गया था। यार्ड से तेज लपटें उठते देख आस पास के लोगों में हडक़ंप मच गई तथा तत्काल इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किये। लगभग घंटे भर की मशक्कति के बाद कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका। वहीं आग लगने से वहां रखा पूरा प्लास्टिक भंगार जल कर खाक हो गया।
यार्ड के पास ही बाम्बे आवास कालोनी के अलावा कई ट्रांसपोर्टरों के गोदाम हैं तथा आसपास ट्रकें भी खड़ी थी। गनीमत है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया अन्यथा किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था। वहीं आग किन कारणों से लगी है फिलहाल, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है परंतु माना जा रहा है कि आसपास कचरे में से भंगार बिनने वाले लोग घूमते रहते हैं जिनमें से किसी ने बीड़ी अथवा सिगरेट पी कर फेंका होगा, जिससे आग लग गई है। जूटमिल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
