कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त छापेमारी में बड़ी सफलता मिली है। फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल के मैनेजर और रिश्तेदार मीनार मंडल के घर से 28.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने मीनार मंडल को गिरफ्तार कर उसका घर सील कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, यह पश्चिम बंगाल में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी नकदी और सोने की बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
लोहे की पेटियों में मिला करोड़ों का कैश
जांच के दौरान घर में रखी लोहे की पेटियों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इसके अलावा 14 सोने की छड़ें और 100-100 ग्राम के कई सोने के बिस्कुट भी मिले। नकदी इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के लिए विशेष नोट गिनने वाली मशीनें मंगानी पड़ीं। गिनती पूरी होने के बाद नकदी और सोने को सीलबंद कर सुरक्षित बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
अवैध पत्थर खनन से जुड़े होने का संदेह
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद धन अवैध पत्थर खनन और उससे जुड़े कारोबार से अर्जित किया गया हो सकता है। जांच एजेंसियां अब धन के वास्तविक स्रोत, आर्थिक लेनदेन और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं। इसी मामले में फरार कारोबारी तुलु मंडल के अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान जारी है।
पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर था तुलु मंडल
तुलु मंडल, जिसे मोहम्मद नजीबुद्दीन के नाम से भी जाना जाता है, बीरभूम के पत्थर खनन कारोबार का बड़ा कारोबारी माना जाता है। वह पिछले कुछ समय से फरार है। इससे पहले भी केंद्रीय एजेंसियां मवेशी तस्करी और अन्य मामलों की जांच के सिलसिले में उसके ठिकानों पर कार्रवाई कर चुकी हैं।
पत्नी का दावा—पेटियों में क्या था, जानकारी नहीं थी
मीनार मंडल की पत्नी ने दावा किया कि उन्हें घर में रखी पेटियों की वास्तविक सामग्री की जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, तुलु मंडल ने कुछ वर्ष पहले इन्हें महत्वपूर्ण दस्तावेज बताकर उनके घर में रखवाया था और उनकी चाबी भी उसी के पास थी।
फिलहाल पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि बरामद नकदी और सोना किस स्रोत से आया और इस कथित नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
बीरभूम में 50 करोड़ की संपत्ति बरामद, 28.5 करोड़ नकद और 15 किलो सोना मिला






