भाटापारा। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भाटापारा शहर पुलिस ने खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू क्षेत्र से देशभर में सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे थे। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।दरअसल, मामले की शुरुआत 4 अप्रैल 2026 को हुई, जब भाटापारा शहर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर अजय बत्रा नामक आरोपी को मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के पास से एक मोबाइल, 5,780 रुपये नगद और सट्टेबाजी से जुड़े स्क्रीनशॉट बरामद किए गए। इस पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया।जांच के दौरान जब्त मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण में ‘रुवी बेटÓ नामक पैनल आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। आगे की पड़ताल में पता चला कि हिमाचल प्रदेश में बैठा एक संगठित गिरोह इसी पैनल के माध्यम से देशभर में सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क चला रहा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हिमाचल प्रदेश के परवाणू में दबिश दी। यहां एक किराए के मकान में आरोपी लैपटॉप, आईपैड और मोबाइल फोन के जरिए प्रोफेशनल तरीके से सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस ने मौके से सभी 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रुवी बेट पैनल के अलग-अलग ब्रांच लिंक—ब्रांच-08, ब्रांच-27 और ब्रांच-35—के जरिए यूजर आईडी बनाकर देशभर में सट्टा फैला रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ और नेपाल के निवासी शामिल हैं, जो इस नेटवर्क के जरिए बड़े स्तर पर सट्टेबाजी में लिप्त थे।सभी आरोपियों को 10 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की तकनीकी जांच और मजबूत सूचना तंत्र के चलते इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका, जिसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ : हिमाचल से चल रहा था अंतरराज्यीय नेटवर्क, 16 आरोपी गिरफ्तार






