नक्सलियों का अंडरग्राउंड ठिकाना ध्वस्त…..

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों के एक भूमिगत ठिकाने का पता लगाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
जिले के थाना सोनपुर क्षेत्र के काकुर इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सघन सर्चिंग अभियान के दौरान यह बड़ी कार्रवाई की गई। जवानों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इलाके में एक अंडरग्राउंड हाउस का पता चला, जिसे नक्सलियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से तैयार किया था।
बताया जा रहा है कि यह भूमिगत ठिकाना नक्सलियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। यहां वे छिपने के साथ-साथ गुप्त बैठकें करते थे, रणनीति बनाते थे और अपनी दैनिक गतिविधियों को संचालित करते थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस ठिकाने को पूरी तरह नष्ट कर दिया, ताकि भविष्य में इसका दोबारा इस्तेमाल न हो सके।
कार्रवाई के दौरान जवानों ने आसपास के क्षेत्र में भी व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया। पुलिस को आशंका है कि इलाके में नक्सलियों द्वारा आईईडी और अन्य विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई हो सकती है, जिसे ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं और सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। नक्सलियों के खिलाफ यह कार्रवाई सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *