खारून नदी ब्रिज में हादसा:हाइवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

दुर्ग। खारुन नदी ब्रिज पर मेंटेनेंस के काम के बाद इसे गुरुवार की रात को खोला गया था, लेकिन दो दिन बाद ही शनिवार दोपहर में खारुन नदी ब्रिज पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। खारुन नदी ब्रिज के ऊपर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे खारुन नदी ब्रिज पर दुर्ग से रायपुर जाने वाले मार्ग पर हुआ है। एक काले रंग की पल्सर बाइक ब्रिज पर जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे एक हाईवा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार में था और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मार्ग को खाली करवाया। पुलिस ने मृतक की जेब की तलाशी ली, जिसमें मिले पहचान पत्र से उसका नाम आरिफ रजा मंसूरी पता चला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शासकीय वाहन से सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मॉच्र्युरी में रखवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *