भोपाल। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में सोमवार दोपहर कमिश्नर कार्यालय में शांति समिति, हिंदू उत्सव समिति, धर्मगुरुओं, एमपीईबी अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
इस दौरान उपस्थित धर्मगुरुओं एवं समिति सदस्यों ने क्षेत्रीय समस्याओं और आवश्यक सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। जिस पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का आश्वासन दिया।






