शिवनाथ नदी में नहाने गए 2 दोस्तों की डूबने से मौत

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शिवनाथ नदी में नहाने उतरे पांच दोस्तों में से दो की डूबने से मौत हो गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के छातागढ़ पिकनिक स्पॉट की है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, सभी पांच दोस्त एक साथ छातागढ़ पिकनिक स्पॉट घूमने पहुंचे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने शिवनाथ नदी में नहाने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि किसी भी दोस्त को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद सभी नदी में उतर गए। नहाने के दौरान अचानक दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए, जहां पानी की गहराई लगभग 10 से 12 फीट थी। गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूब गए। मृतकों की पहचान मोहम्मद फैजल (21 वर्ष) और मोहम्मद ईशांत (13 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कैलाश नगर दुर्ग के निवासी थे। वहीं बाकी तीन दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना के तुरंत बाद बचे हुए दोस्तों ने परिजनों, पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रात करीब 8 बजे दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। इसके बाद शवों को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजन लगातार रो-रोकर शोक व्यक्त कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सभी दोस्त बिना सुरक्षा और तैराकी ज्ञान के नदी में उतरे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *