150 CCTV कैमरों की जांच के बाद परवलिया सड़क पुलिस को मिली बड़ी सफलता

चोरी गया 4 लाख का CNG ऑटो बरामद……..
भोपाल।
थाना परवलिया सड़क पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम मुबारकपुर से चोरी हुए करीब 4 लाख रुपये कीमत के बजाज CNG ऑटो को बरामद कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 150 से अधिक CCTV कैमरों की जांच, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया एवं एसडीओपी ईटखेड़ी मंजू चौहान के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी परवलिया सड़क के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को फरियादी हेमंत कुशवाह निवासी ग्राम मुबारकपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका नया बिना नंबर का बजाज CNG ऑटो घर के बाहर से अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना परवलिया सड़क में अपराध क्रमांक 79/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार 15 दिनों तक भोपाल जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे 150 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 मई को एयरोसिटी कॉलोनी के पास घेराबंदी कर आरोपी मो. अरसलान को चोरी गए ऑटो सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अरसलान पिता मो. महेबूब उम्र 19 वर्ष निवासी अर्जुन नगर, रायसेन रोड, चंबल बस्ती थाना ऐशबाग भोपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने ग्राम मुबारकपुर से ऑटो चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ भोपाल जिले के विभिन्न थानों में चोरी, झपटमारी और लूट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज होना पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत का बजाज CNG ऑटो जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी परवलिया सड़क हरिशंकर वर्मा, थाना स्टाफ एवं साइबर सेल टीम जिला भोपाल देहात की सराहनीय भूमिका रही।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x