शादी समारोह में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 60 हजार के जेवर बरामद

भोपाल। ईटखेड़ी थाना पुलिस ने शादी समारोह में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मंजू चौहान के नेतृत्व में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी ईटखेड़ी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी।

पुलिस के अनुसार फरियादी रूप सिंह मेर ने थाना ईटखेड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 मई को लांबाखेड़ा स्थित “दा गार्डन टेल्स” शादी गार्डन में उनकी बहन का विवाह समारोह आयोजित था। परिवार के सदस्य कमरा नंबर 103 में रुके हुए थे, जहां बैग और कीमती सामान रखा था। शादी समारोह में व्यस्तता के दौरान अज्ञात चोर ने बैग की चैन तोड़कर आभूषण चोरी कर लिए।

चोरी गए सामान में चार चांदी की चूड़ियां, एक पायल, दो जोड़ी बिछिया, एक सोने की हाई और एक चांदी की चेन शामिल थी, जिसकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई।

मामले में थाना ईटखेड़ी पुलिस ने अपराध दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक रात करीब 11:53 बजे कमरे में आते-जाते दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रीतम मेहर (23) निवासी सैनी चौराहा लांबाखेड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष सप्रे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शादी समारोह एवं भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x