उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने किया शुभारंभ, ToT मॉडल से पूरे पुलिस बल को मिलेगा प्रशिक्षण
भोपाल, आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को ध्यान में रखते हुए भोपाल (देहात) पुलिस ने विशेष प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया है। रक्षित केंद्र भोपाल (देहात) में आयोजित प्रथम प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक श्री चंदेल ने कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे आयोजन के सुचारू संचालन के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह प्रशिक्षण 1 जून से 6 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चयनित अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं। ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT) मॉडल के तहत भोपाल (देहात) जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया, वीआईपी सुरक्षा, संचार समन्वय, श्रद्धालुओं की सहायता, मानव व्यवहार प्रबंधन तथा आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स सूबेदार नरेंद्र त्रिपाठी एवं उप निरीक्षक रोहित नगर जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया हैं, जबकि प्रशिक्षण का संचालन रक्षित निरीक्षक श्याम किशोर झरवड़े द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार निर्धारित अवधि में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित किया जा सके।






