MLA भगवानदास सबनानी ने मलेरिया जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

भोपाल, मलेरिया माह जून-2026 के अंतर्गत सोमवार को दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी स्मृता नामदेव के निर्देशन में किया गया।

इस अवसर पर विधायक सबनानी ने जिले में मलेरिया के मामलों में आई कमी पर संतोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला मलेरिया कार्यालय की टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता और सतत निगरानी से मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। साथ ही उन्होंने रोग नियंत्रण गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला मलेरिया कार्यालय की टीम तथा विभिन्न जोनों के सुपरवाइजर उपस्थित रहे। मलेरिया जागरूकता रथ के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

इसी क्रम में जिला मलेरिया कार्यालय की प्रयोगशाला में एलेन मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न विद्यार्थियों को राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी) की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मलेरिया, फाइलेरिया सहित विभिन्न रोगों की पहचान, जांच, रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।

वहीं जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांधीनगर द्वारा वार्ड क्रमांक-1 स्थित गौंड बस्ती में जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय आदिवासी समुदाय को मलेरिया और डेंगू के लक्षणों, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा मच्छरों से बचाव के लिए रिपेलेंट का प्रयोग करें। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x